रेलवे सलाहकार समिति की बैठक में उठी महासमुंद की लंबित मांगें
ट्रेन स्टॉपेज, हावड़ा सीधा संपर्क और रेलवे अस्पताल में डॉक्टर की कमी का मुद्दा प्रमुख
महासमुंद। रेलवे उपभोक्ता सलाहकार समिति (पूर्व तटीय) संबलपुर संभाग की बैठक हाल ही में डीआरएम कार्यालय संबलपुर में आयोजित की गई। बैठक में राइस मिल एसोसिएशन महासमुंद के अध्यक्ष पारस चोपड़ा एवं लूनकरन जैन ने क्षेत्र की विभिन्न लंबित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
पारस चोपड़ा ने नाराजगी जताते हुए कहा कि समिति का कार्यकाल समाप्ति की ओर है, लेकिन लंबे समय से लंबित पुरी-सूरत-पुरी एवं पुरी-गांधीधाम-पुरी ट्रेन के महासमुंद में स्टॉपेज की मांग अब तक पूरी नहीं हो सकी है। साथ ही महासमुंद से हावड़ा तक सीधा रेल संपर्क नहीं होने की समस्या भी रखी गई। इस दौरान हावड़ा-कांटाबांजी-हावड़ा इस्पात एक्सप्रेस को रायपुर तक विस्तारित करने की मांग की गई।
बैठक में महासमुंद रेलवे अस्पताल में योग्य चिकित्सक की कमी का मुद्दा भी उठाया गया। इस पर रेलवे प्रशासन ने बताया कि चयन के बावजूद डॉक्टर कार्यभार ग्रहण नहीं कर रहे हैं। फिलहाल सप्ताह में दो दिन कांटाबांजी से चिकित्सक भेजने की व्यवस्था का आश्वासन दिया गया।
इसके अलावा अमृत भारत स्टेशन योजना के धीमे कार्य पर भी ध्यान आकर्षित किया गया, जिस पर अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि इस वर्ष स्टेशन का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। सदस्य लूनकरन जैन ने स्थानीय प्लेटफॉर्म पर 24 घंटे पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग रखी। बैठक की अध्यक्षता डीआरएम सुभाष चंद्र चौधरी ने की, जबकि संचालन सीनियर डीसीएम गरिमा तिवारी द्वारा किया गया।
