व्यक्तित्व विकास शिविर में विद्यार्थियों ने सीखे सफलता के सूत्र
गायत्री परिवार के आयोजन में 35 विद्यार्थियों ने लिया उत्साहपूर्वक हिस्सा
महासमुंद। अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा युवाओं के सर्वांगीण विकास एवं समकालीन चुनौतियों के समाधान के उद्देश्य से एक दिवसीय व्यक्तित्व विकास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में शासकीय हाईस्कूल लाफिनखुर्द, सरस्वती शिशु मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय महासमुंद एवं देव संस्कृति विद्यालय महासमुंद के लगभग 35 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में ‘युग निर्माण योजना एक परिचय’, व्यक्तित्व विकास, करियर निर्माण, स्वस्थ जीवनशैली एवं आत्म-सुरक्षा जैसे विषयों पर पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रभावशाली जानकारी दी गई। इन विषयों पर युवा प्रकोष्ठ प्रमुख नरेश साहू, भारत साहू, मनोज साहू, पूर्णिमा साहू एवं प्रेमलता साहू ने मार्गदर्शन प्रदान किया।
शिविर का शुभारंभ वरिष्ठजनों द्वारा गायत्री माता के पूजन एवं युग संगीत के साथ किया गया। समापन अवसर पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को साहित्य भेंट कर सम्मानित किया गया। बीच-बीच में खेल गतिविधियों का आयोजन भी किया गया।
कार्यक्रम के अंत में हीरालाल साहू, कुबेर प्रकाश गिरी एवं बोधराम साहू ने आभार व्यक्त किया। आयोजन में जिला समन्वयक बोधराम साहू, विश्राम साहू, हीरालाल साहू, जगमोहन साहू, परस चौहान, रिखीराम साहू सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में अमर साहू, राधेश्याम चंद्राकर, धनीराम पटेल, कुमारेश श्रीवास्तव एवं सोनू का विशेष योगदान रहा।
