जनगणना: मकान सूचीकरण और भवन गणना तेज रफ्तार से जारी

घर-घर पहुंच रहे प्रगणक, प्रशासन कर रहा सतत निगरानी
महासमुंद। जनगणना के प्रथम चरण के तहत जिले में मकान सूचीकरण एवं भवन गणना का कार्य 01 मई से 30 मई 2026 तक संचालित किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण कार्य को समय-सीमा में पूरा करने के लिए कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी विनय कुमार लंगेह के मार्गदर्शन में लगातार निगरानी और निरीक्षण किया जा रहा है।
इसी कड़ी में अपर कलेक्टर सचिन भुतड़ा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर जनगणना कार्य का जायजा लिया। उन्होंने प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
वहीं, जनगणना निदेशालय से सहायक संचालक मनोज कुमार महिलांगे और सहायक सांख्यिकी अधिकारी संजय कुमार साहू द्वारा भी जिले के सभी चार्जों का निरीक्षण किया जा रहा है। वे प्रगणकों के साथ घर-घर पहुंचकर भवन गणना कार्य का अवलोकन कर तकनीकी मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहयोग प्रदान कर रहे हैं।
जिले में कुल 1992 हाउसलिस्टिंग ब्लॉक ( एच एल बी एस) तय किए गए हैं, जिनमें से 1561 ब्लॉकों में कार्य प्रारंभ हो चुका है। अब तक 03 ब्लॉकों में कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इनमें महासमुंद तहसील के ग्रामीण चार्ज अंतर्गत एचएलबी-48 (जलकी), पिथौरा ग्रामीण चार्ज अंतर्गत एचएलबी -249 (कारीडोंगर) तथा नगर चार्ज पिथौरा के एक वार्ड का कार्य शामिल है।
प्रशासन द्वारा जनगणना कार्य को सुचारू, सटीक और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। साथ ही संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं।