भीषण गर्मी में राहत देने की मांग, दोपहर में बंद रहें ट्रैफिक सिग्नल

महासमुंद। भीषण गर्मी और लू के प्रभाव को देखते हुए भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अशवंत तुषार साहू ने शहर के सभी ट्रैफिक सिग्नलों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अस्थायी रूप से बंद रखने की मांग की है। उनका कहना है कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों, बीमार व्यक्तियों सहित आम नागरिकों को तेज गर्मी से राहत प्रदान करना है।
तुषार साहू ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सिग्नल बंद रहने के दौरान भी सभी लोग यातायात नियमों और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करें, ताकि शहर में सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था बनी रहे।
उन्होंने यह भी कहा कि गर्मी या लू के कारण यदि किसी नागरिक को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होती है, तो वे तत्काल यातायात अधिकारियों या कर्मचारियों से संपर्क कर सकते हैं। ऐसी स्थिति में कंट्रोल रूम के माध्यम से तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
साथ ही नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि सिग्नल बंद रहने के दौरान महिलाएं, बच्चे, वरिष्ठ नागरिक और दिव्यांगजन चौराहा पार कर रहे हों तो उन्हें प्राथमिकता देते हुए सहयोग करें, ताकि वे लू के प्रभाव से बच सकें। इसके अलावा, चिकित्सकों द्वारा दिए गए गर्मी से बचाव के उपायों का पालन करने की भी सलाह दी गई है।