स्ट्रीट लाइट से जगमगाए प्रमुख मार्ग, अंधेरे से मिली राहत

बुद्ध पूर्णिमा पर मिली सौगात, देर रात तक टहलते नजर आए लोग, महिलाओं व बच्चों में खास उत्साह
महासमुंद। नगर के प्रमुख मार्ग अब रात के समय भी दूधिया रोशनी से जगमगाने लगे हैं। लोहिया चौक से पिटियाझर, गुलशन चौक से अयोध्या नगर, सुभाष नगर मंडी गेट से नया रावण भाठा तथा पिटियाझर से दलदली रोड नयापारा तक स्ट्रीट लाइट की नई व्यवस्था से शहर का माहौल पूरी तरह बदल गया है।
लंबे समय से इन मार्गों पर अंधेरे की समस्या से जूझ रहे नागरिकों को अब राहत मिल गई है। पहले जहां रात होते ही सन्नाटा और अंधेरा छा जाता था, वहीं अब लोग देर रात तक सड़कों पर टहलते और समय बिताते नजर आ रहे हैं। महिलाएं वॉकिंग करती दिखीं, वहीं बच्चे बैडमिंटन खेलते नजर आए।
1 मई की रात इन सड़कों का नजारा देखने लायक रहा। जगमग रोशनी से नहाए मार्गों को देखने बड़ी संख्या में लोग घरों से बाहर निकले और खुशी जाहिर की। बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर मिली इस सुविधा को नागरिकों ने विशेष उपहार बताया।
पूर्व में अंधेरे के कारण इन क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा और आवारा कुत्तों का डर बना रहता था, जिससे आमजन परेशान रहते थे। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू के विशेष प्रयासों से अब इन समस्याओं से काफी हद तक मुक्ति मिल गई है।
स्ट्रीट लाइट के शुभारंभ के बाद नगर पालिका अध्यक्ष ने पार्षदों के साथ संबंधित वार्डों का निरीक्षण किया। इस दौरान वार्डवासियों ने आतिशबाजी कर और फूल-माला पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया तथा इस सुविधा के लिए आभार व्यक्त किया।
अध्यक्ष श्री साहू ने कहा कि नागरिकों का स्नेह ही उन्हें नगर के निरंतर विकास के लिए प्रेरित करता है और वे जनता के विश्वास पर खरा उतरने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस अवसर पर सभापति ज्योति रिंकू चंद्राकर, गुलशन साहू सहित पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी, महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग उपस्थित रहे।