भक्ति और एकता से सराबोर हुआ बिरसिंगपाली, अष्टप्रहरी नाम संकीर्तन महायज्ञ में शामिल हुए सभापति

भीषण गर्मी में भी “अतिथि देवो भव:” की मिसाल, ग्रामवासियों ने किया भव्य स्वागत
ग्रामीणों ने पेयजल व सड़क की मांग, समाधान का दिया आश्वासन
महासमुंद। जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत ठाकुरपाली के आश्रित ग्राम बिरसिंगपाली में आयोजित अष्टप्रहरी नाम संकीर्तन महायज्ञ में जनपद पंचायत बसना के सभापति एवं क्षेत्र क्रमांक 21 अंकोरी के जनपद सदस्य प्रकाश सिन्हा शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर महाप्रभु श्री जगन्नाथ स्वामी जी से क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
महायज्ञ के दौरान पूरे गांव में भक्ति, उत्साह और सामूहिक सहभागिता का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। भीषण गर्मी के बावजूद ग्रामवासियों ने “अतिथि देवो भव:” की परंपरा का निर्वहन करते हुए कीर्तन मंडली के साथ सभापति का भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया, जिससे वे भाव-विभोर हो उठे। श्री सिन्हा ने इस स्नेहपूर्ण स्वागत के लिए कीर्तन दल एवं ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
पारंपरिक वाद्य यंत्रों की मधुर ध्वनि, भजन-कीर्तन और धार्मिक उल्लास ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में एकता, भाईचारा और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं तथा नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान सभापति श्री सिन्हा ने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। ग्रामीणों ने पेयजल की समस्या के स्थायी समाधान और परगला तक सड़क निर्माण की मांग रखी। इस पर उन्होंने शीघ्र निराकरण हेतु आवश्यक पहल करने का आश्वासन देते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
इस अवसर पर विधायक कार्यालय प्रभारी महेंद्र प्रधान, सोसायटी अध्यक्ष मुरली नायक, विजय पटेल, सुजीत दास सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, महिलाएं, युवा एवं कीर्तन मंडली के सदस्य उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान पूरे गांव में भक्ति, उल्लास और सामाजिक एकजुटता का विशेष माहौल बना रहा।