धान खरीदी के नाम पर 1.5 करोड़ की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
50 से अधिक किसानों को ज्यादा दाम का लालच देकर किया धोखाधड़ी, न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया
महासमुंद। कोमाखान थाना क्षेत्र में धान खरीदी के नाम पर बड़े पैमाने पर ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने 50 से अधिक किसानों को बाजार से अधिक कीमत का लालच देकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी की थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
ज्यादा दाम का झांसा देकर फंसाए किसान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बोईरगांव के किसानों को गिरीश पांडे ने रबी फसल 2025 के दौरान बाजार भाव से अधिक कीमत देने का झांसा दिया। उस समय धान का बाजार मूल्य लगभग 1500 से 1550 रुपए प्रति क्विंटल था, लेकिन आरोपी ने किसानों को 1800 से 2100 रुपए प्रति क्विंटल तक भुगतान का लालच दिया।
50 से अधिक किसानों से खरीदा धान, नहीं किया भुगतान
लालच में आकर 50 से अधिक किसानों ने अपना धान आरोपी को बेच दिया। बोईरगांव निवासी हेमलाल नायक और बिरेन्द्र कुमार महानंद सहित अन्य किसानों ने बताया कि आरोपी ने धान खरीदने के बाद भुगतान नहीं किया और करीब 1.50 करोड़ रुपये हड़प लिया।
शिकायत पर पुलिस की कार्रवाई, आरोपी जेल भेजा गया
किसानों की शिकायत के बाद कोमाखान पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने गिरीश पांडे को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
किसानों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
पीड़ित किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी से जल्द से जल्द राशि की वसूली कर उन्हें न्याय दिलाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की ठगी की घटनाओं पर रोक लग सके।
