अवैध शराब पर पुलिस का 6 ठिकानों पर छापे
95 लीटर से अधिक शराब जब्त, 8 आरोपी गिरफ्तार | 5.32 लाख की संपत्ति सहित वाहन जब्त
महासमुंद। जिले में अवैध महुआ शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बसना, पटेवा और पिथौरा थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी कर कुल 95.420 लीटर अवैध शराब जब्त की गई और 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सभी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान 65 लीटर महुआ शराब और 30.420 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई। इसके साथ ही एक कार सहित कुल लगभग 5 लाख 32 हजार रुपये की संपत्ति भी जब्त की गई है।
बसना थाना क्षेत्र में पुलिस ने चार अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को पकड़ा। यहां से 45 लीटर महुआ शराब, 27 लीटर अंग्रेजी शराब और एक कार जब्त की गई। सभी आरोपी बिना वैध दस्तावेज के शराब का परिवहन और भंडारण करते पाए गए।
वहीं पटेवा थाना क्षेत्र के ग्राम पचरी में एक महिला को उसके घर से अवैध शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 20 लीटर महुआ शराब और शराब बनाने के उपकरण बरामद किए गए।
इधर पिथौरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एक व्यक्ति को पकड़कर उसके पास से 3.420 लीटर शराब जब्त की है।
पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई “संवाद” व्हाट्सएप हेल्प डेस्क पर मिली सूचना के आधार पर की गई। जिले में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत अब तक 6578 लीटर से अधिक शराब जब्त की जा चुकी है और 500 से अधिक प्रकरणों में कार्रवाई की गई है।
पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इसमें संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
