महासमुंद की सड़कों पर बिखरी दूधिया रोशनी, शहर में सुरक्षा और सुविधा का नया दौर शुरू

विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा बोले- नागरिकों के लिए बड़ा कदम
महासमुंद। जिला मुख्यालय की प्रमुख सड़कों पर अब अंधेरा अतीत बनता जा रहा है। शहर के विभिन्न मार्गों पर नई स्ट्रीट लाइटें लगने से पूरा इलाका दूधिया रोशनी से जगमगाने लगा है। 1 मई 2026 को नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू के जन्मदिन के अवसर पर इन स्ट्रीट लाइटों का शुभारंभ विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा एवं नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू द्वारा किया गया।
इस दौरान लोहिया चौक से पिटियाझर, गुलशन चौक से अयोध्या नगर, सुभाष नगर मंडी गेट से नया रावण भाठा तथा पिटियाझर से दलदली रोड नयापारा तक स्ट्रीट लाइटों का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष, सभापतियों, पार्षदों और बड़ी संख्या में वार्डवासियों की उपस्थिति रही।
अब तक इन क्षेत्रों में रात के समय अंधेरा रहने के कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती थी, विशेषकर पिटियाझर से नयापारा दलदली रोड तक का मार्ग बेहद संवेदनशील माना जाता था। नई स्ट्रीट लाइटें लगने से न केवल सड़कें रोशन हुई हैं, बल्कि नागरिकों की सुरक्षा भी मजबूत हुई है।
विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने इसे शहरवासियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया। वहीं, नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा कि नगरवासियों को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है, और यह कार्य उसी दिशा में एक अहम कदम है।
स्थानीय नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि पहले अंधेरे के कारण सड़क पर चलना जोखिम भरा होता था, खासकर सुबह और शाम वॉक के दौरान। अब रोशनी होने से लोग बेझिझक मॉर्निंग और इवनिंग वॉक के लिए निकल पा रहे हैं।
कार्यक्रम में नपा उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, सभापति जय देवांगन, गुलशन साहू, ईश्वरी भोई, ज्योति रिंकू चंद्राकर सहित कई जनप्रतिनिधि, पार्षदगण और लोक निर्माण विभाग के उप अभियंता हेमंत पिस्दा व विद्युत प्रभारी सीताराम तेलक सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।