10.270 किलो गांजा जब्त, 4 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

पति-पत्नी बनकर कर रहे थे तस्करी, 3.15 लाख की संपत्ति जप्त
महासमुंद। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सरायपाली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते 10 किलो 270 ग्राम गांजा के साथ 4 अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 2 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस को 30 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से कुछ लोग गांजा लाकर सरायपाली क्षेत्र में बिक्री करने वाले हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने ग्राम अर्जुंदा के पास कार्रवाई के दौरान पदमपुर रोड की ओर से दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों में सवार चार लोग पहुंचे। दोनों वाहनों में एक-एक महिला बैठी थी और बीच में बोरी रखी हुई थी। संदेह होने पर पुलिस ने सभी को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर बोरी में 10.270 किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी इस गांजे को देवलभाटा (सरायपाली) ले जाकर पुड़िया बनाकर बेचने की तैयारी में थे।
आरोपियों ने पति-पत्नी के रूप में यात्रा कर पुलिस को भ्रमित करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की सतर्कता और सटीक सूचना के चलते उनकी योजना विफल हो गई। तस्करी के मामले में पुलिस ने शंकर बेहरा (45), निवासी ग्राम देवलभाटा, थाना सरायपाली, चंचल बेहरा (30), निवासी ग्राम देवलभाटा, थाना सरायपाली, कपिल बकुल (23), निवासी ग्राम तालमलखा, थाना घंटापड़ा, जिला बौद्ध (ओडिशा) और
रश्मि बकुल (20), निवासी ग्राम तालमलखा, थाना घंटापड़ा, जिला बौद्ध (ओडिशा) को पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक एक्ट की धारा 20(बी) के तहत गिरफतार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 3 लाख 15 हजार रुपये की संपत्ति जप्त की है, जिसमें 10.270 किलो गांजा समेत 2 मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 1 लाख रुपये), 2 मोबाइल फोन (कीमत लगभग 15 हजार रुपये) को जब्त किया है।