अवैध महुआ शराब के खिलाफ पुलिस का एक्शन, 165 लीटर शराब जब्त, 4 आरोपी गिरफ्तार
महासमुंद। जिले में अवैध महुआ शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर पुलिस ने कुल 165 लीटर हाथ भठ्ठी महुआ शराब (कीमती करीब 33,000 रुपये) जब्त करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
अलग-अलग स्थानों पर दबिश, आरोपियों की गिरफ्तारी
पुलिस को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सरायपाली और बसना थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। ग्राम नूनपानी (सरायपाली) में एक आरोपी के पास से 65 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की गई। बैदपाली बाजार क्षेत्र में 45 लीटर शराब के साथ एक अन्य आरोपी पकड़ा गया।
ग्राम तोषगांव (बसना) में दो अलग-अलग मामलों में 30 लीटर और 25 लीटर महुआ शराब बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
महुआ लहान का भी नष्टीकरण
कार्रवाई के दौरान अवैध शराब बनाने में उपयोग होने वाले महुआ लहान (कच्चा माल) को भी नष्ट किया गया, जिससे भविष्य में अवैध उत्पादन पर रोक लगाई जा सके।
अभियान में अब तक बड़ी सफलता
महासमुंद पुलिस के इस विशेष अभियान के तहत अब तक 6310.900 लीटर अवैध शराब जब्त किया है। जिसकी कुल कीमत 17 लाख 47 हजार 600 रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने 504 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, और 570 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
“संवाद” हेल्प डेस्क से मिली अहम सूचना
इस पूरी कार्रवाई में पुलिस को “संवाद” व्हाट्सएप हेल्प डेस्क (9479229939) पर प्राप्त सूचना से सफलता मिली। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आसपास हो रही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी साझा करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
जिला पुलिस ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए जनता की भागीदारी बेहद जरूरी है।
