बैरागढ़-छुईखदान क्षेत्र में नहर सुधार एवं लाईनिंग कार्य को मिली प्रशासकीय स्वीकृति
रायपुर, 21 अप्रैल 2026/राज्य शासन द्वारा बैरागढ़-छुईखदान क्षेत्र अंतर्गत जलाशय योजना के आरडी 0 से 1640 मीटर तक नहर रिमॉडलिंग एवं लाईनिंग कार्य हेतु प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस परियोजना के माध्यम से पूर्व निर्धारित सिंचाई क्षमता में आई कमी को दूर करते हुए लगभग 112 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा को सुदृढ़ किया जाएगा तथा अतिरिक्त जल प्रबंधन के माध्यम से अतिरिक्त क्षेत्र में भी सिंचाई उपलब्ध कराई जाएगी। इससे क्षेत्रीय कृषि उत्पादन में वृद्धि एवं किसानों को लाभ मिलने की संभावना है।
राज्य शासन ने निर्देश दिए हैं कि कार्य स्वीकृत राशि एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। कार्य प्रारंभ करने से पूर्व तकनीकी स्वीकृति प्राप्त करना तथा ड्रॉइंग एवं डिज़ाइन का अनुमोदन सुनिश्चित करना अनिवार्य होगा। निविदा प्रक्रिया को पारदर्शी एवं प्रतिस्पर्धात्मक बनाया जाएगा तथा कम से कम 75 प्रतिशत बाधारहित भूमि उपलब्ध होने पर ही कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
निर्माण कार्य में गुणवत्ता, मितव्ययिता एवं वित्तीय अनुशासन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी स्तर पर कार्य की गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। कार्य को अनुबंधानुसार समय-सीमा में पूर्ण करना अनिवार्य होगा तथा अनावश्यक समय-वृद्धि की अनुमति नहीं दी जाएगी। यह परियोजना क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करते हुए किसानों की आय में वृद्धि एवं कृषि विकास को प्रोत्साहित करेगी।
