कलेक्टर ने समय-सीमा का बैठक लेकर योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा
सभी कार्यालयों में ई-ऑफिस प्रणाली पूर्ण रूप से लागू करने के निर्देश
गरियाबंद, 15 अप्रैल 2026/कलेक्टर बी.एस. उइके ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में जिले के सभी विभागों की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को जिम्मेदारीपूर्वक और समय-सीमा के भीतर कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने जिला स्तरीय कार्यालय के साथ-साथ सभी विभागीय कार्यालयों तथा उनके अधीनस्थ संस्थानों में ई-ऑफिस प्रणाली को पूर्ण रूप से अपनाने के निर्देश देते हुए कहा कि डिजिटल प्रणाली के अनुरूप प्रत्येक फाइल, पत्राचार और अनुमोदन ऑनलाइन माध्यम से ही किया जाए। इससे कार्याें में पारदर्शिता और गति आएगी। शासन द्वारा महतारी वंदन योजना के तहत जिन हितग्राहियों को राशि जारी की जा रही है। वे अनिवार्य रूप से अपना ई-केवाईसी कराएं। उन्होंने कहा कि बिना ई-केवाईसी किसी भी भुगतान को लंबित न रखा जाए और इस प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया जाए। बैठक में खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के अंतर्गत शेष चावल जमा कराने की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि लंबित चावल जमा कराने की प्रक्रिया जारी है और इसे शीघ्र पूर्ण करने के प्रयास किए जा रहे हैं। कलेक्टर ने संबंधित एजेंसियों को समय-सीमा में शत-प्रतिशत चावल जमा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही रबी वर्ष 2025-26 में रासायनिक उर्वरकों के उठाव की स्थिति के बारे में जानकारी ली गई। अधिकारियों ने बताया कि उर्वरकों की उपलब्धता और वितरण की वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी दी। कलेक्टर ने किसानों को समय पर पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके अलावा कलेक्टर ने पंचायत, वन, राजस्व, नगरीय निकाय, सहकारिता, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, विद्युत, भवन निर्माण, उद्यानिकी, आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम सहित अन्य विभागों के कार्यक्रमों एवं योजनाओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। इस दौरान जिला पंचायत के सीईओ प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर श्रीमती ऋषा ठाकुर सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
