कमार जनजाति के उत्थान के लिए डिजिटल सर्वे अभियान शुरू
940 परिवारों का होगा ऑनलाइन दस्तावेजीकरण, 30 अप्रैल तक सर्वे पूरा करने का लक्ष्य
महासमुंद। जिले में निवासरत विशेष पिछड़ी जनजाति (पीव्हीटीजी) कमार परिवारों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के उद्देश्य से व्यापक डिजिटल सर्वे अभियान प्रारंभ किया गया है। आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा संचालित इस अभियान के तहत प्रत्येक कमार परिवार का शत-प्रतिशत ऑनलाइन दस्तावेजीकरण सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र हितग्राहियों तक पहुंच सके। जिले में कमार जनजाति की वर्तमान स्थिति के आकलन के लिए विभाग ने विस्तृत लक्ष्य निर्धारित किए हैं। इसके अंतर्गत 76 पीव्हीटीजी ग्रामों में निवासरत कुल 940 परिवारों और 3306 की आबादी को सर्वे में शामिल किया जाएगा। इस विशेष अभियान को 30 अप्रैल 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने सभी संबंधित अधिकारियों और सर्वे दलों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विस्तृत कार्ययोजना बनाकर सर्वे को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने पर जोर दिया है।
जिले के तीनों पीव्हीटीजी विकासखंडों में जनपद सीईओ द्वारा सर्वे कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है, जिससे जमीनी स्तर पर कार्य में तेजी आई है। ग्राम स्तर पर गठित सर्वे दलों में पंचायत सचिव, रोजगार सहायक, पटवारी, बीट गार्ड, मितानिन, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं छात्रावास अधीक्षक शामिल हैं, जो घर-घर जाकर आवश्यक जानकारी एकत्रित कर रहे हैं।
सर्वे की गुणवत्ता और सटीकता बनाए रखने के लिए जिला एवं विकासखंड स्तर पर विशेष प्रशिक्षण भी आयोजित किए गए हैं। मास्टर ट्रेनर निलेश खांडे द्वारा टीमों को ऑनलाइन ऐप के माध्यम से डेटा एंट्री की प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई है। वे जिला स्तर से लगातार मॉनिटरिंग करते हुए समन्वय और समय-समय पर रिपोर्टिंग सुनिश्चित कर रहे हैं।
इस डिजिटल सर्वे के माध्यम से शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ सीधे पात्र कमार परिवारों तक पहुंचाने में सुविधा होगी। साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता का सटीक आकलन कर योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सकेगा।
प्रशासन ने संबंधित क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि वे सर्वे दल को सही एवं पूर्ण जानकारी प्रदान कर इस अभियान में सहयोग करें, ताकि यह महत्वपूर्ण कार्य निर्धारित समय-सीमा में सफलतापूर्वक पूर्ण हो सके।
