बूथ-पंचायत कमेटियों का गठन अंतिम चरण में, जल्द पूरा होगा लक्ष्य: द्वारिकाधीश

हर बूथ पर सक्रिय और समर्पित टीम बनाने पर जोर, कई ब्लॉकों में 100% गठन पूरा
महासमुंद। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव ने कहा है कि संगठन सृजन अभियान के तहत जिले में बूथ एवं पंचायत कमेटियों के गठन का लक्ष्य जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं की मेहनत से खल्लारी विधानसभा क्षेत्र के कई ब्लॉकों में यह कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण हो चुका है, जबकि शेष स्थानों पर प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
उन्होंने बताया कि बागबाहरा शहर, बागबाहरा ग्रामीण, कोमाखान और पिथौरा ब्लॉक में बूथ व पंचायत कमेटियों का गठन पूरी तरह संपन्न हो चुका है। बागबाहरा ग्रामीण में 104 बूथ एवं 60 पंचायत, कोमाखान में 102 बूथ एवं 53 पंचायत, बागबाहरा शहर में 18 बूथ तथा पिथौरा ब्लॉक में 63 बूथ एवं पंचायत कमेटियों का गठन निर्धारित समयसीमा में किया गया है।
इसी तरह महासमुंद शहर में 55 बूथ और सांकरा में 109 बूथों पर भी कमेटियों का गठन पूर्ण कर लिया गया है। बसना विधानसभा क्षेत्र के पिथारौ ब्लॉक में भी 63 बूथ एवं पंचायत कमेटियों का गठन किया जा चुका है, जबकि महासमुंद और सरायपाली ब्लॉकों में यह कार्य अंतिम चरण में है।
इस दौरान पिथौरा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करण दीवान ने अपने जन्मदिन के अवसर पर बूथ एवं पंचायत कमेटियों की सूची जिलाध्यक्ष को सौंपते हुए संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।
द्वारिकाधीश यादव ने कहा कि मजबूत बूथ संगठन ही कांग्रेस की असली ताकत है और यही आगामी चुनावों में सफलता की नींव बनेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि जिले में जल्द ही सभी बूथ एवं पंचायत कमेटियों का गठन पूरा कर लिया जाएगा।

इन्हें भी पढ़े