जिले में कृषि केन्द्रों का निरीक्षण एवं अनियमितता पर निरंतर कार्यवाही जारी

बालोद, 10 अप्रैल 2026/भारत सरकार एवं राज्य शासन के निर्देशानुसार कृषकों को गुणवत्तायुक्त एवं पर्याप्त मात्रा में उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु जिले में संचालित उर्वरक विक्रय केन्द्रो का निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान पी.ओ.एस. मशीन, भौतिक स्कंध एवं कृषकों को वितरित उर्वरक मात्रा का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान जिले के सिन्हा कृषि केन्द्र गुरेदा में विक्रय प्रतिबंध, साहू कृषि केन्द्र झलमला, देवानंद कृषि विकास केन्द्र झलमला, किसान खाद भण्डार, सिकोसा, सार्थक कृषि केन्द्र बालोद, शारदा कृषि केन्द्र पिनकापार में निरीक्षण कर अनियमितता पाये जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। इसके साथ ही सेवा सहकारी समिति बालोद, सेवा सहकारी समिति गुण्डरदेही एवं सेवा सहकारी समिति कचांदुर में भी स्टॉक का निरीक्षण किया गया एवं पी.ओ.एस. मशीन से नियमानुसार विक्रय हेतु समिति प्रबंधकों को निर्देशित किया गया। कृषि विभाग के उप संचालक ने बताया कि कृषकों को निर्धारित दर पर गुणवत्तायुक्त उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निरीक्षण लगातार चलता रहेगा एवं उर्वरक विक्रय केन्द्रों में उर्वरकों के भण्डारण एवं वितरण में किसी भी प्रकार से अनियमितता पाये जाने पर संबंधित उर्वरक विक्रेता के विरूध्द उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985 के प्रावधानों के तहत कठोर एवं दण्डात्मक कार्यवाही की जायेगी। किसानो से अपील है कि अपने रकबा के अनुसार स्वयं के उपयोग हेतु ही खाद प्रतिष्ठानों से खाद क्रय करें तथा यूरिया एवं डीएपी के अतिरिक्त अन्य वैकल्पिक उर्वरक एस.एस.पी., एन.पी. के. एम.ओ.पी., नैनो यूरिया, नैनो डीएपी एवं अन्य तरल घुलनशील उर्वरकों का उपयोग कर उत्पादन बढ़ा सकते हैं।