बालोद जिले में राजस्व पखवाड़े का आयोजन निरंतर जारी

आम जनता के राजस्व संबंधी समस्याओं के निराकरण हेतु शनिवार
11 अप्रैल को जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित
बालोद, 10 अप्रैल 2026/राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार आम जनता की राजस्व संबंधी समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निराकरण हेतु जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में अलग-अलग तिथियों में राजस्व पखवाड़ा का आयोजन निरंतर जारी है। इसके अंतर्गत आज 10 अप्रैल को जिले के सभी विकासखण्डों के विभिन्न पंचायतों में राजस्व पखवाड़ा का आयोजन किया गया। इस दौरान आम जनता से प्राप्त अविवादित नामांतरण, अविवादित खाता विभाजन, व्यपवर्तन, वृक्ष कटाई, नक्शा बटांकन, फौती नामांतरण, बटवारा, अभिलेख त्रुटिसुधार आदि से संबंधित राजस्व प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया गया। राजस्व पखवाड़ा को लेकर आम नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों ने आज सुबह से ही अपने राजस्व संबंधी समस्याओं के निराकरण हेतु ग्राम पंचायतों में आयोजित राजस्व पखवाड़ा शिविर में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं के निराकरण हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। जिले में आयोजित राजस्व पखवाड़ा के इसी अनुक्रम में शनिवार 11 अप्रैल 2026 को बालोद तहसील के ग्राम पंचायत जगन्नाथपुर, भोथली, अमोरा, दरबारी नवागांव, पर्रेगुड़ा, गुण्डरदेही तहसील के ग्राम पंचायत कुथरेल एवं खुटेरी रंग, डौण्डीलोहारा तहसील के ग्राम पंचायत कसही, देवरी तहसील के ग्राम पंचायत जेवरतला में राजस्व पखवाड़ा का आयोजन किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि ’राजस्व पखवाड़ा’ अप्रैल से जून तक तीन चरणों में आयोजित किया जा रहा हैं जिसके अंतर्गत अप्रैल माह में 01 अपै्रल से 15 अप्रैल 2026, मई माह में 04 मई से 18 मई 2026 तथा जून माह में 01 जून 2026 से 15 जून 2026 तक राजस्व पखवाड़ा का आयोजन किया जाएगा।