संत माता कर्मा जयंती पर घोयनाबाहरा में सामाजिक एकता का संदेश, नपाध्यक्ष निखिलकांत साहू हुए शामिल

महासमुंद। खल्लारी क्षेत्र के ग्राम घोयनाबाहरा में संत माता कर्मा जयंती का कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने संत माता कर्मा की पूजा-अर्चना कर समाज की एकता, सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए प्रार्थना की। कार्यक्रम के दौरान घोयनाबाहरा के ग्रामीण साहू समाज के प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने नपाध्यक्ष का आत्मीय स्वागत किया। अपने संबोधन में श्री साहू ने सामाजिक एकता और आपसी सहयोग को समाज की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि आज साहू समाज हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने आगे कहा कि समाज के इष्ट देवी-देवताओं के आशीर्वाद से साहू समाज छत्तीसगढ़ में अपनी अलग पहचान बना चुका है। संत माता कर्मा जयंती के अवसर पर उन्होंने सभी समाजजनों को हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं। इस आयोजन में बड़ी संख्या में समाज की महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग, युवा एवं ग्रामीणजन उत्साहपूर्वक शामिल हुए, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति और सामाजिक समरसता का माहौल बना रहा।