तेज अंधड़ और बारिश का कहर, एनएच -353 पर पेड़ गिरने से यातायात बाधित, शहर में घंटों बिजली गुल
महासमुंद। अचानक शनिवार शाम बदले मौसम ने जिले में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। दिनभर की तेज गर्मी के बाद शाम होते ही तेज अंधड़ और बारिश ने शहर व आसपास के ग्रामीण इलाकों को अपनी चपेट में ले लिया।
तेज हवाओं के चलते नेशनल हाईवे-353 पर बेलसोंडा के पास तीन दर्जन से अधिक पेड़ और उनकी बड़ी-छोटी शाखाएं गिर गईं, जिससे कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर पेड़ गिरने से वाहनों की लंबी कतार लगी रही। सूचना मिलते ही यातायात विभाग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा जेसीबी की मदद से पेड़ों को हटाकर मार्ग को सुचारू किया गया।
शहर के इंदिरा मार्केट, सब्जी बाजार और मुख्य मार्गों पर भी अंधड़ का असर साफ देखने को मिला। दुकानों के बाहर रखे सामान तेज हवाओं में बिखर गए, जिससे व्यापारियों और खासकर स्ट्रीट वेंडर्स को भारी नुकसान उठाना पड़ा। खुले में रखे खाद्य पदार्थों में धूल जमने से उनका सामान खराब हो गया।
अंधड़ और बारिश के चलते शहर में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही और करीब आधे घंटे तक कई इलाकों में अंधेरा छाया रहा।
पश्चिमी विक्षोभ का असर, अगले 48 घंटे अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। आने वाले 48 घंटों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। विभाग ने चेतावनी दी है कि हवा की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। महासमुंद और आसपास के इलाकों में भी ऐसे ही हालात बने रहने की संभावना है। प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक बाहर निकलने से बचें, सुरक्षित स्थानों पर रहें और सतर्कता बरतें।
