युवा मोर्चा पदाधिकारियों ने सांसद रूपकुमारी चौधरी से की भेंट, संगठन मजबूती पर मिला मार्गदर्शन
महासमुंद। भारतीय जनता युवा मोर्चा महासमुंद के जिलाध्यक्ष अमन वर्मा के नेतृत्व में नवनियुक्त जिला एवं मंडल पदाधिकारियों ने महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी से उनके निवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।
भेंट के दौरान सांसद महोदया ने युवा मोर्चा पदाधिकारियों को संगठनात्मक कार्यों को लेकर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपने अनुशासन, समर्पण और कार्यकर्ताओं की सक्रियता के कारण विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनी है, जिसमें युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवा मोर्चा को संगठन की रीढ़ बताते हुए कहा कि युवाओं की ऊर्जा, उत्साह और नवाचार संगठन को नई दिशा प्रदान करते हैं।
सांसद ने कार्यकर्ताओं से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उसकी समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए सेवा, समर्पण और संगठन के सिद्धांतों पर कार्य करना ही एक सच्चे कार्यकर्ता की पहचान है। साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। इस अवसर पर नवनियुक्त पदाधिकारियों ने भी संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए विश्वास दिलाया कि वे पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने बताया कि युवा मोर्चा आगामी समय में विभिन्न सामाजिक और संगठनात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को जोड़ने का कार्य करेगा। अंत में सभी पदाधिकारियों ने सांसद का आभार व्यक्त करते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।
