दो बाइकों में आमने-सामने टक्कर, दो युवकों की मौत
महासमुंद। बागबाहरा रोड पर फिंगेश्वर मोड़ के आगे शनिवार शाम करीब साढ़े 5 बजे दो बाइकों में आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजनांदगांव निवासी रॉबिन सायमन (20) और नासिर हुसैन (40) बाइक क्रमांक सीजी 08 बीडी 5080 से खल्लारी माता के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। फिंगेश्वर मोड़ के आगे सामने से आ रही दूसरी बाइक सीजी 04 पीजेड 3923 से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए। हादसे में नासिर हुसैन और दूसरी बाइक पर सवार श्रवण धीवर (21 ) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, रॉबिन सायमन और राहुल धीवर (18) गंभीर रूप से घायल हो गए, उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस की मदद से सभी को जिला अस्पताल भेजा गया।
