युवा कांग्रेस नेता जय पवार के निधन से शोकाकुल, कांग्रेस भवन में दी गई श्रद्धांजलि
महासमुंद। महासमुंद के युवा कांग्रेस नेता जय पवार के आकस्मिक निधन से पूरे शहर और जिला कांग्रेस कमेटी में शोक की लहर व्याप्त है। 03 अप्रैल 2026 को उनके असामयिक निधन के बाद 04 अप्रैल को उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए महासमुंद स्थित कांग्रेस भवन लाया गया, जहां बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं, स्थानीय नेताओं और आम नागरिकों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
जय पवार अपने मिलनसार और सरल स्वभाव के लिए जाने जाते थे। वे भारत स्काउट गाइड के पूर्व जिला उपाध्यक्ष भी रह चुके थे और सामाजिक व राजनीतिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भूमिका रही है। उनके निधन से न केवल कांग्रेस पार्टी बल्कि पूरे शहर ने एक सक्रिय और लोकप्रिय युवा चेहरा खो दिया है। इस दौरान कांग्रेस पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की, जिनमें जिलाध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ रश्मि चंद्राकर, आलोक चंद्राकर, शहर कांग्रेस अध्यक्ष गुरमीत चावला, मंडल अध्यक्ष खिलावन बघेल, पूर्व जिला कोषाध्यक्ष निर्मल जैन सहित अनेक कांग्रेस जन शामिल रहे। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित सभी लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
