जनगणना की तैयारी तेज, 1 से 30 मई तक होगा प्रथम चरण
महासमुंद। जिले में जनगणना कार्य का प्रथम चरण 1 मई से 30 मई तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्रगणक घर-घर जाकर मोबाइल एप के माध्यम से कुल 34 प्रश्नों की जानकारी एकत्रित करेंगे। खास बात यह है कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जाएगी, जिसके लिए प्रगणकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार तथा डिप्टी कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी मनोज कुमार खांडे की उपस्थिति में जनपद पंचायत बसना में फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण में सरायपाली, बसना और पिथौरा क्षेत्र के कुल 23 फील्ड ट्रेनर्स शामिल हुए।
प्रशिक्षण के प्रथम दिवस एसडीएम बसना हरिशंकर पैकरा ने फील्ड ट्रेनर्स को संबोधित करते हुए प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और अपनी सभी शंकाओं का समाधान मास्टर ट्रेनर्स से प्राप्त करने की बात कही।
प्रशिक्षण के अंतिम दिन जिला मास्टर ट्रेनर तोषण गिरि गोस्वामी और नसीब खान द्वारा फील्ड ट्रेनर्स को बसना नगर के वार्ड क्रमांक-1 तथा ग्राम खेमड़ा में व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान ट्रेनर्स ने 10 से 15 घरों में जाकर मोबाइल एप के माध्यम से जानकारी दर्ज करने का अभ्यास किया। साथ ही आवास, दुकान, कार्यालय, खाली मकान सहित विभिन्न इकाइयों के मकान सूचीकरण की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी मौके पर दी गई। इस अवसर पर तहसीलदार कृष्ण कुमार साहू, सीएमओ नगर पंचायत बसना सूरज कुमार सिदार एवं संबंधित स्टाफ भी मौजूद रहे। प्रशिक्षण प्राप्त फील्ड ट्रेनर्स अब अप्रैल माह में अपने-अपने क्षेत्रों में प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण प्रदान करेंगे, जिससे आगामी जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न किया जा सके।
