पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान का आयोजन, चंद्रहास चंद्राकर हुए शामिल

महासमुंद। छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त चंद्रहास चन्द्राकर ने आज अपने प्रभार जिला बिलाईगढ़-सारंगढ़ में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान में भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्थल प्रांगण में पार्टी का ध्वज फहराकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर चन्द्राकर ने प्रशिक्षण प्राप्त करने पहुंचे कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस महाभियान का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं में एकात्म मानववाद और अंत्योदय की भावना को जागृत करना है, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंच सके। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने, राष्ट्रवादी विचारधारा को जन-जन तक फैलाने तथा युवाओं में सेवा भाव और नई ऊर्जा का संचार करने के लिए इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं।
उन्होंने आगे कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन राष्ट्र सेवा और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है। उनका मूल मंत्र “अंत्योदय” था, जिसका अर्थ है समाज के सबसे गरीब और अंतिम व्यक्ति का उत्थान। जब तक विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक नहीं पहुंचता, तब तक हमारा उद्देश्य अधूरा रहता है।
कार्यक्रम में महासमुंद के वरिष्ठ भाजपा नेता माधवराव टांकसाले, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष अमन वर्मा, जिला महामंत्री द्वारका प्रसाद साहू, जिला मंत्री रामनारायण देवांगन, जिला सभापति युवराज शरण सिंह, सहकारिता प्रकोष्ठ जिला संयोजक टीकाराम जायसवाल, झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ जिला संयोजक संतोष कुमार साहू, युवा मोर्चा जिला महामंत्री संजू साहू, पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला उपाध्यक्ष प्रहलाद डडसेना, मंडल महामंत्री हेतराम साहू, ग्राम पंचायत गोविंदवन के सरपंच उमाशंकर साहू, मंडल अध्यक्ष राधा राकेश, नगर पंचायत उपाध्यक्ष अनूप बाई जयसवाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।