कलेक्टर ने मेडिकल कॉलेज भवन निर्माण कार्य का किया निरीक्षण

हर हाल में जून तक पूरा करने के निर्देश
महासमुंद। जिला मुख्यालय से लगे खरोरा नए बन रहे मेडिकल कॉलेज भवन का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और स्पष्ट निर्देश दिए कि हर हाल में जून माह तक निर्माण कार्य पूर्ण किया जाए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि मेडिकल कॉलेज का लगभग 80 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष कार्य तेजी से जारी है। इस पर संतोष व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने शेष कार्य तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर लंगेह ने मेडिकल कॉलेज भवन के साथ-साथ डॉक्टर एवं स्टाफ क्वार्टर, गर्ल्स व बॉयज हॉस्टल, प्रशासनिक एवं फैकल्टी भवन का भी बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न करने, कार्य में गति लाने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा कि लापरवाही या अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को पर्याप्त श्रमिक और सामग्री उपलब्ध रखने के निर्देश देते हुए कार्य में तेजी लाने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत खरोरा की सरपंच वीणा चंद्राकर ने मेडिकल कॉलेज परिसर के बाहर अप्रोच रोड निर्माण की मांग रखी। इस पर कलेक्टर ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन देते हुए कहा कि इससे किसानों और आमजन को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। इस मौके पर सीएमएचओ डॉ. आई. नागेश्वर राव, एमएस डॉ. बसंत माहेश्वरी, एसडीएम अक्षा गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी एवं निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।