प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से मातृत्व हो रहा सुरक्षित
ज्योति को मिला बेहतर स्वास्थ्य और पोषण
कोंडागांव, 20 फरवरी 2026/ प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना गर्भवती माताओं के स्वास्थ्य एवं पोषण में सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योजना की लाभार्थी कोण्डागांव के नहरपारा निवासी श्रीमती ज्योति सेन ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत आंगनबाड़ी केन्द्र नहरपारा-2 में पंजीयन कराया था। गर्भावस्था के दौरान उन्हें स्वास्थ्य एवं पोषण देखभाल हेतु प्रोत्साहन राशि प्राप्त हुई।
उन्होंने बताया कि पहले शिशु के जन्म पर योजना के तहत दो किश्तों में 5000 रुपये की राशि और द्वितीय बालिका के जन्म पर उन्हें 6000 रुपये की अतिरिक्त राशि प्राप्त हुई। इस राशि से उन्होंने दोनो बेटियों के नाम सुकन्या समृद्धि योजना के अंतर्गत खाता खुलवाया तथा पोषण पेटी का भी उपयोग किया। उन्होंने बताया कि वे दोनों बेटियों के खाते में नियमित रूप से प्रतिमाह राशि जमा करती हैं, जिससे उनके भविष्य को सुरक्षित आधार मिल रहा है।
ज्योति ने बताया कि शासन की योजना के तहत मिली इस सहायता राशि से गर्भावस्था के दौरान एवं प्रसव के बाद शिशुओं के पोषण एवं स्वास्थ्य देखभाल में काफी सहायता मिली। उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अख्तरी शेख के सहयोग से उन्हें पोषण पेटी के उपयोग एवं स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन मिला।
उन्होंने आगे बताया कि महतारी वंदन योजना के अंतर्गत भी उन्हें प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता राशि प्राप्त हो रही है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं महतारी वंदन योजना से मिली आर्थिक सहायता ने उनकी बेटियों के बेहतर पोषण, स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। श्रीमती ज्योति सेन ने योजना से प्राप्त लाभ के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
