छग सीमा से पकड़ा गया सागौन चिरान, वाहन जब्त

महासमुंद। बागबाहरा परिक्षेत्र अंतर्गत उड़ीसा सीमा पर स्थित अंतर्राज्यीय वनोपज जाँच नाका टेमरी में वन अमला ने सागौन परिवहन करते एक वाहन को जब्त किया। जाँच के दौरान महिंद्रा पिकअप वाहन क्रमांक आर जे 19 एच 5254 को रोका गया। वाहन चालक ने प्रस्तुत ट्रांजिट पास आम की लकड़ी के परिवहन हेतु जारी पाया, जो फॉरेस्ट ऑफिसर, पेंड्रूथी सेक्शन, विशाखापट्टनम रेंज द्वारा निर्गत किया गया था। दस्तावेजों के अनुसार वाहन में आम चिरान के 300 नग लगभग 3.12 घनमीटर परिवहन किए जाने का उल्लेख था। संदेह होने पर जब वाहन की गहन तलाशी ली, तो आम चिरान के नीचे 1.85 घनमीटर सागौन चिरान को योजनाबद्ध तरीके से छिपाकर अवैध रूप से परिवहन करते पाया गया। यह कृत्य भारतीय वन अधिनियम, 1927 के प्रावधानों का स्पष्ट उल्लंघन है।
वन विभाग ने सागौन चिरान सहित वाहन जब्त कर लिया। मामले में वन अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। अवैध परिवहन में प्रयुक्त वाहन को राजसात करने की प्रक्रिया भी जारी है। इस कार्रवाई में बागबाहरा परिक्षेत्र अधिकारी लोकनाथ ध्रुव, डिप्टी रेंजर दुलार सिन्हा, फॉरेस्ट गार्ड खेमराज साहू तथा जाँचनाका टेमरी में पदस्थ कर्मचारी शामिल रहे।