बीज उत्पादन कार्यक्रम : लक्ष्य से अधिक हुआ बीज उत्पादन हेतु पंजीयन

बालोद, 04 फरवरी 2026/कृषि विभाग के उप संचालक ने बताया कि रबी वर्ष 2025-26 में बीज उत्पादन कार्यक्रम अंतर्गत जिले को निर्धारित 929.88 हेक्टेयर में पंजीयन कराने का लक्ष्य के विरूद्ध कुल 1009.48 हेक्टेयर क्षेत्र में बीज उत्पादन हेतु कृषकों का पंजीयन किया गया है, जो निर्धारित लक्ष्य से 8.66 प्रतिशत अधिक है। यह उपलब्धि किसानों की बढ़ती जागरूकता एवं कृषि विभाग में संचालित योजनाओं के सफल क्रियान्वयन का परिणाम है। बीज उत्पादन कार्यक्रम अन्तर्गत विशेष रूप से दलहन, तिलहन फसलों को प्राथमिकता दिया गया है। जिससे आगामी वर्षों में जिला बालोद पर्याप्त दलहन, तिलहन बीज उपलब्धता में आत्मनिर्भर हो सकेगा। जिसके परिणाम स्वरूप जिले में दलहन फसलों का 670.04 हेक्टेयर तिलहन फसलों का 283.40 हेक्टेयर एवं अनाज फसलों का 56.04 हेक्टेयर कुल 1009.48 हेक्टेयर क्षेत्र का पंजीयन किया गया है। बीज उत्पादन कार्यक्रम में पंजीयन कराने हेतु कृषि विभाग के मैदानी अमलों द्वारा कृपकों से सतत सम्पर्क एवं उचित मार्गदर्शन दिया गया। इन प्रयासों से किसानों का विश्वास बढ़ा और स्वेच्छा से बीज उत्पादन कार्यक्रम में भाग लिया। बीज उत्पादन कार्यक्रम में पंजीकृत किसानों से विनम्र अपील है कि पंजीकृत रकबा में उत्पादित दलहन, तिलहन बीजों का शतप्रतिशत मात्रा बीज निगम को वापस करें जिससे आगामी रबी सीजन हेतु जिले के किसानों को दलहन, तिलहन के प्रमाणित बीज पर्याप्त मात्रा में स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सके।