पति ने छोटे भाई संग मिलकर प्रेमी को उतारा मौत के घाट, खुद किया थाने में सरेंडर

कोसरंगी में अवैध संबंध के चलते वारदात
महासमुंद। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम कोसरंगी में अवैध संबंध के चलते एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। पत्नी के प्रेमी को उसके पति ने छोटे भाई के साथ मिलकर डंडे और ईंट से पीट-पीटकर मार डाला। पुलिस ने हत्या के आरोप में दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, कोसरंगी वार्ड नंबर 5 निवासी आरोपी नकूल साहू (33) की पत्नी और मृतक वाकेश साहू (27) के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। मृतक वाकेश, जो कोसरंगी गांव के ही भाटापारा का रहने वाला था, अक्सर रात में छिपकर नकूल की पत्नी से मिलने आता था।
मंगलवार, 3 फरवरी की रात को भी वाकेश साहू घर से खाना खाकर टहलने का बहाना बनाकर निकला था और देर रात नकूल की पत्नी से मिलने उसके घर पहुंच गया। इसकी भनक नकूल को लग गई और उसने वाकेश को अपनी पत्नी के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी नकूल और मृतक के बीच जमकर विवाद हुआ। इसी दौरान नकूल का छोटा भाई निर्मल साहू (19) भी वहां पहुंच गया। दोनों भाइयों ने गुस्से में आकर वाकेश के सिर पर डंडे और ईंट से कई वार किए। सिर पर गंभीर चोट लगने और अत्यधिक खून बह जाने के कारण वाकेश ने वहीं दम तोड़ दिया। अगली सुबह नकूल के घर के सामने वाकेश का शव पड़ा मिला। शव के आसपास खून के छींटे लगे ईंटों के टुकड़े भी मिले। मृतक के परिजनों ने तत्काल सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और सबूत जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। इस हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी नकूल साहू ने खुद थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने नकूल और उसके भाई निर्मल से पूछताछ के बाद दोनों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।