ऑयल पॉम की खेती के लिए विशेष प्रशिक्षण 4 फरवरी को
धमतरी, 27 जनवरी 2026/ केन्द्र और छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी नेशनल मिशन ऑन एडीबल ऑयल-ऑयल पॉम की खेती से खाद्य तेल में आत्मनिर्भर बनाने और किसानों की आय में वृद्धि के लिए योजना शुरू की गई है। उप संचालक, उद्यान श्रीमती पूजा कश्यप साहू ने बताया कि योजना के तहत ऑयल पॉम रोपण करने वाले किसानों को केन्द्र सरकार द्वारा देय अनुदान के अलावा राज्य शासन द्वारा विभिन्न घटकों में अतिरिक्त (टॉप-अप) अनुदान प्रदाय किया जा रहा है। इसकी जानकारी और तकनीकी मार्गदर्शन के लिए बुधवार 4 फरवरी को सुबह 11 बजे शासकीय उद्यान रोपणी बेन्द्रानवागांव में विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। इस प्रशिक्षण में ऑयल पॉम खेती करने वाले किसान और इच्छुक किसान हिस्सा ले सकते हैं। उप संचालक ने अधिक से अधिक किसानों को शामिल होकर प्रशिक्षण का लाभ लेने की अपील की है।
