कृषक उन्नति योजना से बदली किसान की तक़दीर

सफलता की कहानी
बेमेतरा 26 दिसम्बर 2025/- छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी कृषक उन्नति योजना किसानों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन की नई कहानी लिख रही है। इसी कड़ी में ग्राम बेलतरा, जिला बेमेतरा के कृषक  दुधेराम साहू की जीवन गाथा एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आई है, जहाँ शासकीय सहयोग ने उनके परिवार को आर्थिक संकट से उबारते हुए उन्नति और आत्मसम्मान की राह पर अग्रसर किया है। कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत  दुधेराम साहू को 1 लाख 83 हजार रुपये की अनुदान राशि प्राप्त हुई। यह राशि उनके लिए केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि आशा, राहत और भविष्य की मजबूती का आधार सिद्ध हुई। सीमित संसाधनों में जीवन यापन करने वाले श्री साहू लंबे समय से आर्थिक दबाव और पारिवारिक जिम्मेदारियों से जूझ रहे थे।
प्राप्त अनुदान राशि का सार्थक और दूरदर्शी उपयोग करते हुए श्री साहू ने सबसे पहले अपने भाई की चिकित्सा शिक्षा में निवेश किया। डॉक्टर बनने का सपना उनके परिवार वर्षों से देख रहा था, लेकिन आर्थिक अभाव इस सपने के आड़े आ रहा था। कृषक उन्नति योजना से मिली सहायता ने इस सपने को साकार करने में निर्णायक भूमिका निभाई और परिवार को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया। इसके साथ ही  दुधेराम साहू ने ऋण पर खरीदे गए ट्रैक्टर की लंबित किस्तों का भुगतान भी किया। समय पर किस्त जमा होने से वे पूरी तरह ऋणमुक्त हो गए। इससे न केवल आर्थिक बोझ समाप्त हुआ, बल्कि मानसिक तनाव से भी उन्हें राहत मिली। अब वे निश्चिंत होकर अपने कृषि कार्यों पर ध्यान केंद्रित कर पा रहे हैं और आधुनिक तरीके से खेती कर अपनी आमदनी बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
आज  दुधेराम साहू आर्थिक रूप से सशक्त, मानसिक रूप से निश्चित और सामाजिक रूप से आत्मनिर्भर बन चुके हैं। उनके जीवन में आया यह परिवर्तन यह दर्शाता है कि कृषक उन्नति योजना केवल वित्तीय सहायता नहीं, बल्कि किसानों के भविष्य निर्माण, शिक्षा प्रोत्साहन, ऋण मुक्ति और आत्मसम्मान का सशक्त माध्यम है।  दुधेराम साहू की यह सफलता कहानी गांव के अन्य किसानों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। यह कहानी इस बात का सशक्त प्रमाण है कि यदि शासकीय योजनाओं का लाभ सही समय पर और सही दिशा में लिया जाए, तो किसान अपने जीवन की दिशा और दशा दोनों बदल सकता है।
इस अवसर पर कृषक  दुधेराम साहू ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय जी एवं राज्य शासन के प्रति हार्दिक आभार एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि कृषक उन्नति योजना जैसे जनकल्याणकारी निर्णयों ने किसानों के जीवन में वास्तविक परिवर्तन लाने का कार्य किया है। उन्होंने जिला प्रशासन बेमेतरा, कृषि विभाग के अधिकारियों एवं मैदानी अमले को भी धन्यवाद दिया, जिनके मार्गदर्शन, सतत सहयोग एवं पारदर्शी कार्यप्रणाली के कारण उन्हें योजना का लाभ समय पर प्राप्त हो सका। श्री साहू ने कहा कि शासन-प्रशासन की संवेदनशील सोच और किसान हितैषी नीतियों के कारण आज किसान आत्मनिर्भर बन रहा है और सम्मान के साथ आगे बढ़ रहा है।  कृषक उन्नति योजना आज वास्तव में किसानों के लिए आशा की किरण बनकर उभर रही है, जो उन्हें आत्मनिर्भर, समृद्ध और सम्मानपूर्ण जीवन की ओर ले जा रही है।