चार लोगों ने चाचा-भतीजा को पीटा
महासमुंद। पुलिस ने सरायपाली ब्लॉक के ग्राम पंडरीपानी में चाचा-भतीजा के साथ मारपीट के मामले में आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। त्रिविक्रम सतपथी ने पुलिस को बताया कि उनके चाचा प्रकाश सतपथी तथा पिता परीक्षित सतपथी सगे भाई हैं। पिता व चाचा के नाम से ग्राम पंडरीपानी अमलीढोरी खार में पटवारी हल्का नंबर 03 में स्थित खसरा क्रमांक 270 रकबा 0.55 हे. स्थित है। उक्त जमीन का राजस्व से सीमांकन कराकर खसरा क्रमांक 270 में से कुछ जमीन की बिक्री किए हैं। वहीं खसरा क्रमांक 270 से लगा हुआ खसरा क्रमांक 273 है, जिसमें खसरा क्रमांक 270 की 5 डिसमिल जमीन समाहित है। 5 डिसमिल जमीन भूमिस्वामी को कब्जा दिलाने राजस्व विभाग से अधिकारी- कर्मचारी मौके पर आए थे। इस दौरान वह (प्रार्थी) चाचा प्रकाश व पिता परीक्षित उपस्थित थे। इस दौरान बोधराम थुरिया (55), मोहन थुरिया, पिंटू थुरिया (32), सोनू थुरिया (25) ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देते हुए डंडे से मारपीट की, जिससे सिर में चोटें आई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 296, 3(5) के तहत अपराध कायम किया है।
