भारतरत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती पर अटल परिसर में गरिमामय श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित
बेमेतरा 25 दिसम्बर 2025/- भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती के पावन अवसर पर आज अटल परिसर, बेमेतरा में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। इस अवसर पर बेमेतरा विधायक दीपेश साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके पश्चात विधायक श्री साहू सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा परिवारजनों ने श्रद्धेय अटल जी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक दीपेश साहू ने कहा कि भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी केवल एक कुशल राजनेता ही नहीं, बल्कि राष्ट्रवादी विचारधारा, संवेदनशील नेतृत्व, सादगी, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों के सशक्त प्रतीक थे। उन्होंने कहा कि अटल जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा, जनकल्याण और देश की एकता एवं अखंडता को समर्पित रहा। उनके ओजस्वी विचार, कवि हृदय और दूरदर्शी नेतृत्व ने भारत को वैश्विक मंच पर एक नई पहचान दिलाई।
विधायक श्री साहू ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी के नेतृत्व में देश ने सड़क, संचार, शिक्षा और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति की। स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना, ग्रामीण सड़कों का विस्तार, परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्र के रूप में भारत की पहचान तथा पड़ोसी देशों के साथ संवाद की नीति उनके दूरदर्शी निर्णयों के उत्कृष्ट उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि अटल जी द्वारा स्थापित सुशासन, राष्ट्रीय एकता और विकास के मानदंड आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और आने वाली पीढ़ियों को मार्गदर्शन प्रदान करते रहेंगे।
उन्होंने उपस्थित जनसमूह से आह्वान किया कि सभी लोग अटल बिहारी वाजपेयी जी के आदर्शों, मूल्यों और विचारों को आत्मसात करते हुए राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और अधिक सशक्त बनाएं तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचाने के लिए सतत प्रयास करें।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष अजय साहू, नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा, पार्षद पंचू साहू, विकास तंबोली, राजकुमार खांडे, रवि मूलवानी, शहर मंडल अध्यक्ष युगल देवांगन, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष श्रीमती प्रज्ञा निर्वाणी, रेवा राम निषाद, डॉ. विनय साहू, श्रीमती अमृका निर्मलकर, श्रीमती सावित्री रजक, श्रीमती ममता साहू, योगेश वर्मा, श्रीमती उमेश्वरी साहू, राजीव तंबोली सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी को विनम्र नमन करते हुए कोटि-कोटि श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
