84 हजार क्विंटल धान खरीदी, किसानों के खातों में पहुँचे 20 करोड़

कोरिया 28 नवम्बर 2025। धान खरीदी के महापर्व की शुरुआत 15 नवंबर से हो चुकी है और इसके साथ ही कोरिया जिले के उपार्जन केंद्र कृषि गतिविधियों से गुलज़ार हो उठे हैं। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किसानों को देश का सर्वाधिक 3100 प्रति क्विंटल मूल्य उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसके कारण प्रदेश की धान खरीदी प्रणाली पूरे देश में एक मजबूत मिसाल के रूप में स्थापित हो चुकी है।
जिले के 21 धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी तेज़ गति से जारी है। 15 से 28 नवंबर के बीच जिले के 1,746 किसानों द्वारा कुल 84,530.40 क्विंटल धान बेचा जा चुका है। इस धान की खरीदी के एवज में सरकार द्वारा त्वरित भुगतान की नीति के तहत 20 करोड़ 2 लाख रुपए किसानों के खातों में डीबीटी के माध्यम से सीधे हस्तांतरित किए गए हैं।