धान खरीदी केन्द्रों में किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो- कलेक्टर
बालोद, 27 नवंबर 2025। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने गुण्डरदेही विकासखण्ड के विभिन्न ग्रामों में पहुँचकर समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कार्य के अंतर्गत धान खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने धान खरीदी केन्द्र कुरदी, परसतराई, अर्जुंदा, ओड़ारसकरी एवं गब्दी में पहुँचकर वहाँ चल रहे धान खरीदी के कार्य सहित संपूर्ण व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने धान खरीदी केन्द्र में धान बिक्री हेतु पहुँचे किसानों से धान खरीदी केन्द्रों में मिल रही सुविधाओं की जानकारी भी ली। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों, समिति प्रबंधकों तथा निगरानी दल में शामिल सभी अधिकारी-कर्मचारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि धान खरीदी केन्द्रों में केवल साफ-सुथरे एवं गुणवत्तायुक्त धान की खरीदी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों, निगरानी दल में शामिल अधिकारी-कर्मचारियों तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को प्रतिदिन सुबह 08 बजे धान खरीदी केन्द्र में अनिवार्य रूप से संपूर्ण व्यवस्था की माॅनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष, उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं श्री आरके राठिया, जिला खाद्य अधिकारी श्री तुलसीराम ठाकुर सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं कृषकगण उपस्थित थे।
कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने अधिकारियों के साथ धान खरीदी केन्द्रों में पहुँचकर किसानों द्वारा बिक्री हेतु लाए गए धान का सूक्ष्मता से परीक्षण किया। इस मौके पर अधिकारियों द्वारा किसानों द्वारा लाए गए धान का तौलाई के उपरांत नमी मापक यंत्र के माध्यम से धान का आर्द्रता परीक्षण भी किया गया। कलेक्टर ने किसानों को केवल साफ-सुथरा एवं गुणवत्तायुक्त धान को ही बिक्री हेतु खरीदी केन्द्रों में लाने की समझाईश दी। उन्होंने धान खरीदी केन्द्रों में अब तक जारी किए गए टोकन के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने समिति प्रबंधक एवं कर्मचारियों को केवल आॅनलाईन टोकन ही जारी करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल विशेष परिस्थिति में अति वृद्ध, निरक्षर एवं किसानों के पास स्मार्ट फोन उपलब्ध नही होने पर ही आवश्यकता अनुसार उनका आॅफलाईन टोकन जारी किया जाए। कलेक्टर ने धान की गुणवत्ता बनाए रखने उसकी साफ सफाई कराने तथा गेट पर ही धान की गुणवत्ता की जांच करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने धान खरीदी केन्द्र कुरदी में विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान बारदानों में स्टेनशील नही लगाने पर नाराजगी व्यक्त की तथा दो दिवस के भीतर धान खरीदी केन्द्र में सभी प्रकार की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश समिति प्रबंधक को दिए। उन्होंने कहा कि अव्यवस्था पाए जाने पर समिति प्रबंधक के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने धान खरीदी केन्द्र परसतराई में व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने किसानों की संख्या, रकबा की जानकारी सहित एग्रीस्टेक पंजीयन आदि की जानकारी ली। उन्होंने धान खरीदी केन्द्र में की गई व्यवस्थाओं एवं निगरानी समिति के सदस्यों के प्रति प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने वहाँ किसानों से चर्चा कर केन्द्र में मिल रही सुविधाओं की भी जानकारी ली। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने धान खरीदी केन्द्र अर्जुंदा में किसानों से चर्चा कर धान खरीदी हेतु टोकन के संबंध में जानकारी ली। किसानों ने बताया कि उन्होंने मोबाईल एप्प ’तुंहर टोकन’ एप्प के माध्यम से धान विक्रय हेतु टोकन लिया है जो कि उन्हें आसानी से प्राप्त हो गया और अब वे धान विक्रय हेतु केन्द्र आए हैं। कलेक्टर ने समिति प्रबंधक से कहा कि धान विक्रय कर चुके किसानों का रकबा समर्पण भी कराएं। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने धान खरीदी केन्द्र ओड़ारसकरी में पहुँचते ही तौले गए धान का पुनः तौल कराया तथा तौलकों से कहा कि वे निर्धारित मात्रा में ही धान तौले। उन्होंने वहाँ एग्रीस्टेक में किसान पंजीयन स्थिति की जानकारी ली तथा 30 नवंबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने वहाँ समिति प्रबंधक और आॅपरेटर से कहा कि धान विक्रय हेतु आने वाले शत प्रतिशत किसानों का गेट पास जारी करें। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने धान खरीदी केन्द्र गब्दी में निरीक्षण के दौरान स्टेक में रखे धान की बोरी को पुनः अपने समक्ष तौलाया तथा निर्धारित तौल पर संतुष्टि जाहिर की। उन्होंने कहा कि किसानों द्वारा लाए गए धान का निर्धारित मात्रा में तौल सुनिश्चित करें। उन्होेंने वहाँ टोकन, गेट पास, एग्रीस्टेक पंजीयन आदि के संबंध में भी विस्तृत जानकारी ली तथा सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
