कलेक्टर ने एसआईआर कार्य का किया निरीक्षण

कोंडागांव, 22 नवंबर 2025। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया जारी है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने आज विधानसभा- 84 नारायणपुर (आंशिक) अंतर्गत कोंडागांव विकासखंड के जिले के दूरस्थ ग्राम कोरमेल में एसआईआर कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ से कार्य की प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त की और एसआईआर कार्य समय सीमा में त्रुटिरहित सत्यापन कार्य और शत प्रतिशत डिजिटाइजेशन कराने हेतु निर्देशित किया। साथ ही उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया में ग्रामवासियों से सहयोग की अपील की। इस दौरान तहसीलदार श्री विजय प्रताप सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे। ज्ञात हो कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान 4 दिसंबर 2025 तक चलेगा। इस प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन, त्रुटिरहित और सटीक बनाना है।