विधायक ने लिया बहनों की सेवा और उनके सशक्तिकरण व स्वावलंबन का संकल्प

महासमुंद। जन्मदिन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने माता-बहनों के लिए विशेष संकल्प लिया। साथ ही बहनों के सशक्तिकरण एवं स्वावलंबन के लिए हरसंभव प्रयास करने का वादा किया। जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीन, बहनों को शादी पर जोड़ा वितरण के संकल्प के साथ कार्यक्रम के दौरान माताओं-बहनों को साड़ी वितरित की गई। इस दौरान धार्मिक आयोजनों को बढ़ावा देने मंडलियों को मांदर एवं ढोलक भी भेंट किया। इस अवसर पर डॉ रमन सिंह एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े विशेष तौर पर उपस्थित थे । मंचस्थ अतिथियों में सांसद रूपकुमारी चौधरी, बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष येतराम साहू, कृषि एवं बीज विकास निगम अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य इंद्रजीत सिंह गोल्डी, पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू, पूर्व राज्यमंत्री पूनम चंद्राकर, पूर्व विधायक रामलाल चौहान, त्रिलोचन पटेल सहित अन्य नेतागण, पदाधिकारीगण, जनप्रतिनिधि सहित अन्य उपस्थित रहे। विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि तीजा पर्व के दौरान स्वास्थ्यगत कारणों से पर्व का आयोजन नहीं कर पाया। इसलिए जन्मदिन पर बहनों को साड़ी वितरित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। सिन्हा ने कहा कि बहनों की शादी तय होने पर उन्हें शादी का जोड़ा प्रदान किया जाएगा। डॉ रमन सिंह एवं लक्ष्मी राजवाड़े ने इस पहल की सराहना की।