पांच लाख लेकर जमीन बेचने का सौदा किया, फिर दूसरे के नाम कर दी रजिस्ट्री; महिला पर एफआईआर
सौदा टूटने पर रकम लौटाने या जमीन की रजिस्ट्री करने में करती रही टालमटोल
महासमुंद। जमीन बेचने का सौदा कर पांच लाख रुपए लेने के बाद उसी जमीन को दूसरे व्यक्ति को बेचने का मामला सामने आया है। शिकायत पर सरायपाली पुलिस ने महिला के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम गिरसा निवासी कातिकराम पटेल ने शिकायत दर्ज कराई कि ग्राम बरिहापाली निवासी रूखमणि चौधरी ने अपने हिस्से की ग्राम केंदुवा स्थित जमीन, प.ह.नं. 06, खसरा नंबर 124, रकबा 0.2000 हेक्टेयर को 36 लाख 11 हजार रुपए प्रति एकड़ की दर से बेचने का सौदा किया था। यह सौदा गवाह तेज कुमार पटेल निवासी केंदुवा और सावित्री चौधरी निवासी बरिहापाली की मौजूदगी में हुआ था।
सौदे के बाद शिकायतकर्ता ने अलग-अलग तारीखों में महिला को कुल पांच लाख रुपए दिए। इसके बाद जमीन की रजिस्ट्री करने या रकम वापस करने के लिए कहा गया, लेकिन आरोप है कि वह लगातार टालमटोल करती रही।
कुछ महीने बाद शिकायतकर्ता को जानकारी मिली कि रूखमणि चौधरी ने उसी जमीन को ग्राम केंदुवा निवासी चुम्मन पटेल को बेच दिया है। इसके बाद कातिकराम ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर सरायपाली पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।
