शहर में सियारों का आतंक, सात लोगों को काटकर किया घायल
अलग-अलग जगहों पर सात लोगों पर हमला, तीन महिलाएं समेत 7 घायल
भाजपा कार्यालय के पास निजी कार्यक्रम में भी मचाया हड़कंप; रायपुर से खाना बनाने आए तीन लोग भी घायल
महासमुंद। शहर में शाम को सियारों के आतंक से लोगों में दहशत फैल गई। अलग-अलग स्थानों पर सियार के हमले में तीन महिलाओं समेत सात लोग घायल हो गए। सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। घटना के बाद शहरवासियों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इलाके में करीब 5-6 सियार होने की आशंका जताते हुए वन विभाग से इन्हें पकड़ने की कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार, सियार ने सबसे पहले शिवानंद कॉलोनी में घर के बाहर बैठी एक महिला पर हमला किया। इसके बाद भाजपा कार्यालय के पास आयोजित एक निजी कार्यक्रम में मौजूद लोगों को अपना निशाना बनाया। अचानक हुए हमले से कार्यक्रम में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। घायलों में रायपुर से निजी कार्यक्रम में खाना बनाने के लिए महासमुंद आए तीन लोग भी शामिल बताए जा रहे हैं।
सियार के हमले में शिवानंद कॉलोनी निवासी सुशीला सिंह (64), वार्ड-27 निवासी प्रेमलता पटेल (27), बीटीआई रोड निवासी आयूषी, सरोना रायपुर निवासी आकाश पंचतरू (24), वार्ड-22 निवासी लवेश निषाद (24), नकटा रायपुर निवासी जीवराखन यादव (51) और सरोना रायपुर निवासी राजेश राजपूत (39) घायल हुए हैं।
शाम 7.30 बजे अस्पताल पहुंचे सात घायल
मेडिकल कॉलेज अस्पताल के अधीक्षक डॉ. बसंत माहेश्वरी ने बताया कि मंगलवार शाम करीब 7.30 बजे सियार के काटने और नाखून लगने से घायल सात लोग अस्पताल पहुंचे थे। सभी का प्राथमिक उपचार किया गया और उपचार के बाद उन्हें वापस भेज दिया गया।
वन विभाग से पकड़ने की मांग
लगातार अलग-अलग स्थानों पर सियारों के हमले से शहरवासियों में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में एक से अधिक सियार घूम रहे हैं। लोगों ने वन विभाग से तत्काल अभियान चलाकर सियारों को पकड़ने की मांग की है, ताकि आगे कोई अप्रिय घटना न हो।
