घर का दरवाजा हटाने को लेकर भी मारपीट
महासमुंद। बसना में कार पर सीमेंट का छींटा पड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। वहीं, घर का दरवाजा हटाने की बात पूछने पर एक युवती के साथ भी मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर बसना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार बसना निवासी विजय कुमार पटेल ने शिकायत दर्ज कराई कि 29 सितंबर की सुबह करीब 9.30 बजे वह घर से कार्यालय जाने के लिए निकला था। इस दौरान उसकी कार पर सीमेंट का छींटा लगा हुआ था। पास के मकान में प्लास्टर का काम चल रहा था। विजय ने प्लास्टर करा रहे लोगों को ऐसा करने से मना किया, जिस पर मील प्रसाद और नितेश पटेल ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट कर दी।
इसी दौरान विजय के चाचा की बेटी दीक्षा पटेल ने मील प्रसाद, नितेश पटेल और बनीता पटेल से उसके घर का दरवाजा हटाने का कारण पूछा। आरोप है कि इस पर तीनों ने गाली-गलौज करते हुए दीक्षा के साथ भी मारपीट की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 296 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
