कलेक्टर ने आड़काछेपड़ा स्कूल का किया निरीक्षण

वैकल्पिक भवन में स्कूल की कक्षाएं लगाने के दिए निर्देश
कोण्डागांव, 30 जुलाई 2025/ कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने आज कोण्डागांव शहर के आड़काछेपड़ा में स्कूल भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में विद्यार्थियों की दर्ज संख्या सहित शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय भवन की जर्जर स्थिति को देखते हुए कस्तुरबा गांधी विद्यालय भवन में अस्थायी तौर पर कक्षाएं संचालित करने हेतु जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी जर्जर कक्ष में कक्षाएं न लगाएं और जर्जर होने की स्थिति में वैकल्पिक भवन की व्यवस्था करें।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर में स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायजा
कलेक्टर ने आड़काछेपड़ा के आयुष्मान आरोग्य मंदिर का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान स्टॉफ की संख्या, आवश्यक दवाईयों, उपकरणों और सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्र की अव्यवस्था पर नाराजगी जताई और स्वास्थ्य कर्मियों को सख्त निर्देश दिया कि सभी आवश्यक सामग्रियों की व्यवस्था सुनिश्चत कराएं, साथ ही अस्पताल में प्रसव के लिए आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
जिला ग्रंथालय का निरीक्षण
कलेक्टर ने डीएनके में स्थित जिला ग्रंथालय का भी निरीक्षण कर सुविधाओं को देखा। उन्होंने जिला ग्रंथालय में आने वाले लोगों की कम संख्या को देखते हुए ग्रंथालय का संचालन की व्यवस्था केन्द्रीय ग्रंथालय के प्रथम तल में करने हेतु निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती भारती प्रधान उपस्थित रहीं।