श्रद्धालुओं ने हरेली पर बम्हनेश्वर नाथ को लगाया गुलगुले का भोग
सिरपुर में 27 को होगा गंगा आरती
महासमुंद। ग्राम बम्हनी के श्वेतगंगा कुंड स्थित भगवान बम्हनेश्वर नाथ को हरेली अमावस्या पर गुलगुला का भोग लगाया और दर्शनार्थियों को प्रसाद स्वरूप वितरण किया गया। श्रावणी अभिषेक के बाद विधि विधान से आरती पूजन कर महादेव को गुलगुला का भोग लगाया गया।
मुख्य यजमान होरीलाल पांडेय ने बताया कि हरेली अमावस्या को काफी संख्या में दर्शनार्थी दर्शन करने पहुंचे थे। इसी तरह सावन मास की शिवरात्रि पर बुधवार को रात 7 से 9 बजे तक विशेष पूजन किया गया। पं. लक्की महाराज ने विधान पूर्ण पूजन कराया। सुबह की श्रावणी पूजा में प्रमुख रूप से राजेश अग्रवाल परिवार शामिल हुए। इसी तरह अन्य शिव मंदिरों में भी महाशिवरात्रि पर मेले सा नजारा था। सिरपुर के गंधेश्वर महादेव में भी दिन भर दर्शनार्थी पहुंचते रहे। यहां पिथौरा के पास स्थित देवधारा से करीब 8 सौ कांवरिए जलाभिषेक के लिए पहुंचे थे। जिन्होंने मासशिवरात्रि को जलाभिषेक कर अपनी यात्रा पूर्ण की। गंधेश्वरनाथ मंदिर ट्रस्ट कमेटी के मैनेजिंग ट्रस्टी दाऊलाल चंद्राकर ने बताया कि 27 जुलाई को मंदिर तट पर चित्रोत्पला गंगा आरती का आयोजन किया गया है। जिसके मुख्य यजमान शेषनारायण अग्रवाल (अमसेना वाले) एवं ताहुतदार परिवार होंगे। गंगा आरती की तैयारी शुरू हो गई है। इस दिन अभिषेक किया हुआ रुद्राक्ष का वितरण भी किया जाएगा। इसी तरह बोल बम समिति के अध्यक्ष थनवार यादव, सुंदर साहू ने बताया कि गंधेश्वरनाथ मंदिर में महानदी तट से मानव श्रृंखला बनाकर 1 अगस्त को भोलेनाथ का सहस्त्र जलधारा अभिषेक किया जाएगा।