खेल अकादमियों में जिले के 23 खिलाड़ी तीरंदाजी का ले रहे हैं प्रशिक्षण
महासमुंद। महासमुंद जिला आज खेलों के क्षेत्र में एक नई पहचान गढ़ रहा है। खासकर तीरंदाजी जैसे पारंपरिक प्रतिस्पर्धी खेल में जिले के 23 प्रतिभाशाली खिलाड़ी देश की प्रतिष्ठित खेल अकादमियों में प्रशिक्षण लेकर न केवल अपने सपनों को साकार कर रहे हैं, बल्कि जिले, राज्य और देश का नाम भी रोशन कर रहे हैं। महासमुंद की पद्मा साहू, जिन्होंने भारतीय खेल प्राधिकरण बहालगढ़, सोनीपत (हरियाणा) में दाखिला पाकर अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं, युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं। 38वें नेशनल गेम्स, उत्तराखंड 2025 में महासमुंद की चांदनी साहू ने तीरंदाजी में व्यक्तिगत इंडियन राउंड में रजत पदक व टीम इवेंट में कांस्य पदक जीतकर जिले को गौरवान्वित किया। वह मुख्यमंत्री विष्णु साय से भी सम्मानित हो चुकी हैं। वर्तमान में साईं रायपुर व कोदूराम वर्मा खेल अकादमी रायपुर में 11 खिलाड़ी प्रशिक्षणरत हैं। खेलो इंडिया सेंटर बिलासपुर में 11 खिलाड़ी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। कुल मिलाकर 23 खिलाड़ी देश व राज्य की शीर्ष खेल अकादमियों में उत्कृष्ट प्रशिक्षण ले रहे हैं। एकलव्य आवासीय विद्यालय, भोरिंग, बाल आश्रम, बिहाझर बागबाहरा में एवन कुमार साहू, डॉ. सुनील भोई, डॉ. विकास अग्रवाल, डॉ. पुरेन्द्र चंद्राकर, पिरित साहू व अन्य प्रशिक्षकों के नेतृत्व में खिलाड़ियों को तराशा गया। पीएम श्री आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल बागबाहरा, बसना, शासकीय उच्च, माध्य. विद्यालय – बकमा, कोमाखान, खोपली इन शालाओं में तीरंदाजी को बढ़ावा देकर छात्र-छात्राओं को शुरूआती मंच प्रदान किया गया।