कलेक्टर बी.एस. उईके ने किया जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण

वार्डों में जाकर मरीजों का जाना हालचाल
गरियाबंद 19 जुलाई 2025/ कलेक्टर बी. एस. उईके ने आज जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने जिला अस्पताल पहुंचकर मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और जरूरी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने हॉस्पिटल में उपलब्ध स्वास्थ्य संसाधनों, चिकित्सकों, मेडिकल स्टाफ, मेडिकल स्टोर आदि का भी अवलोकन किया। उन्होंने वार्डों में जाकर मरीजों का हालचाल जाना तथा अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान कलेक्टर ने महिला एवं पुरुष वार्ड, इमरजेंसी वार्ड, नए ऑपरेशन थियेटर, एनआरसी एवं एक्सरे कक्ष सहित विभिन्न वार्डों का भी निरीक्षण किया। कलेक्टर उईके ने जिला अस्पताल निरीक्षण के दौरान मरीजों के लिए पर्याप्त बिस्तरों की भी जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल परिसर में अतिरिक्त कक्ष एवं वार्ड निर्माण के लिए उपलब्ध जगहों का भी अवलोकन किया। कलेक्टर ने परिसर में अतिरिक्त वार्ड बनाने के लिए उपलब्ध जगह के अनुसार जल्द कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परिसर में अतिरिक्त वार्ड भवन बन जाने से अधिक मरीजों को भर्ती करने की सुविधा मिलेगी। जिससे मरीजों के इलाज में सहूलियत होगी। साथ ही मरीज भी लाभान्वित होंगे। इस दौरान सीएमएचओ डॉ नवरत्न, सिविल सर्जन डॉ ध्रुव सहित अन्य चिकित्सक एवं मेडिकल स्टाफ मौजूद रहे।
कलेक्टर ने दवाई स्टोर रूम में दवाई और उसकी एक्सपायरी डेट का अवलोकन करते हुए सभी चीजों को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने उपस्थित स्टाफ से ड्यूटी चार्ट की जानकारी ली। उन्होंने परिसर व अस्पताल में साफ सफाई व्यवस्था बनाए रखने तथा अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के निर्देश मौके पर मौजूद चिकित्सकों को दिए। कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान ओपीडी और आईपीडी कक्षों में जाकर भर्ती मरीजों से भी रूबरू बातचीत की और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान कलेक्टर उईके ने कहा कि जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधा लगातार बेहतर करने के लिए जिला प्रशासन तत्पर एवं गंभीर है। शासन के निर्देशानुसार एवं मरीजों की बेहतर इलाज के लिए लगातार सुविधाओं में बढ़ोतरी की जा रही है।