धरती आबा अभियान, गांवों तक पहुंचेगी योजनाओं की रोशनी

कोरिया, 20 जून 2025। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान“ के तहत 17 से 30 तारीख तक विशेष ग्राम स्तरीय विकास शिविरों की शुरुआत की गई है। इन शिविरों का उद्देश्य जिले के जनजातीय समुदायों को केंद्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से प्रत्यक्ष रूप से जोड़कर उनका समावेशी, समग्र एवं सतत विकास सुनिश्चित करना है। अभियान के तहत जिले के विकासखंड बैकुण्ठपुर और सोनहत के चिन्हित जनजातीय ग्रामों को क्लस्टर के रूप में विभाजित कर, गांव-गांव जाकर विकास शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इस अभियान के प्रथम दिन से ही ग्राम पंचायत क्लस्टरों में शिविरों का आयोजन किया जा रहा है जहां ग्रामीणों की उल्लेखनीय सहभागिता देखने को मिल रही है। आदिवासी समुदाय सहित सभी ग्रामीणों ने सरकार की योजनाओं के प्रति गहरी जिज्ञासा एवं उत्साह दिखाते हुए आयोजित हो रहे शिविरों में सकारात्मक उपस्थिति दर्ज कराई है। इन शिविरों के माध्यम से केंद्र सरकार के 17 मंत्रालयों की 25 प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन को दी जा रही है तथा पात्र लाभार्थियों को तत्काल लाभ भी प्रदान किया जा रहा है।