सीईओ पीएम आवास योजना के कार्याें का किया निरीक्षण, काम शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश

दंतेवाड़ा, 30 मई 2025। जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा द्वारा गीदम ब्लॉक स्थित बड़े कारली, हिरानार,हारम, कासोली ग्रामों का दौरा कर विभिन्न प्रकार के निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण तथा स्व सहायता की महिलाओं से रूबरू होकर उन्हें प्रोत्साहित किया गया। सर्वप्रथम सीईओ ने हारम के प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही पीसे वेक एवं पायके के निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण किया गया और दोनों हितग्राही के आवासों को 20 जून तक पूर्ण कराने को कहा। इस क्रम में यहां रीपा में गुड़ चिक्की निर्माण कर रहे समूह की महिलाओं से चर्चा किया गया। इसके साथ ही उन्होने महिला समूहों के लिए ईंट निर्माण मशीन स्थापित किया जाने तथा इसके लिए मशीन के साइज अनुसार जगह का चिन्हांकित करने के निर्देष संबंधित अधिकारियों को दिए। इसके अलावा उन्होंने स्वच्छता दीदियों का मानदेय हेतु जीपीडीपी में जोड़ने, उनके आईडी कार्ड, श्रम कार्ड बनाने हेतु श्रम विभाग से पत्राचार करने को भी कहा गया। मत्स्य पालन केन्द्र हारम के निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारी से मत्स्य बीज उत्पादन की कार्यवाही 15 जून से करने के निर्देश दिए गए तथा स्वाइल टेस्ट हेतु प्राप्त सेंपल का यथासंभव टेस्ट कर किसानों को रिपोर्ट प्रदान करने को कहा। इस क्रम में उनके द्वारा हीरानार स्थित पशु चिकित्सा विभाग के माध्यम से समूहों द्वारा संचालित मुर्गी पालन इकाई का भी निरीक्षण किया गया। मालूम हो कि उक्त मुर्गी पालन इकाई के द्वारा अण्डा उत्पादन कर आस्था स्कूल में एवं अन्य बाजारों में विक्रय कर अच्छी आमदनी अर्जित की जा रही है। इस संबंध में सीईओ अण्डा उत्पादन हेतु पृथक से इकाई बढ़ाने हेतु अच्छे स्व सहायता समूहों का चिन्हांकन कर प्रशिक्षण देने और 03 साल के लिए एमओयू पहल करने के निर्देश दिए गए ताकि स्व सहायता समूहों को सशक्त किया जा सके। कोरलापाल पहुंचकर सीईओ द्वारा आरती स्व सहायता समूह के द्वारा किया जा रहा सीमेंट ईंट निर्माण यूनिट का निरीक्षण किया गया, यहां समूह के सदस्यों ने उन्हें अवगत कराया गया है कि उनके समूह द्वारा प्रतिदिन लगभग 2000 सीमेंट इंट का निर्माण किया जा रहा हैं एवं इस उनकी आय में पर्याप्त वृद्धि हो रही हैं। बारसूर डैनेक्स में निरीक्षण के दौरान हितग्राही कुमारी उमेश्वरी ने उन्हें अवगत कराया कि यहां काम करके उसको रोजगार मिल रहा हैं और वे सभी रोज बस से यहां आते हैं और अपने काम से बहुत खुश हैं। यहां सीईओ ने डैनेक्स में और युवक, युवतियों की आवश्यकता को देखते हुए और प्लेसमेंट कैंप का आयोजन कर कुल 250 युवक, युवतियों को कार्य पर रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उनके द्वारा छिन्दनार ग्राम पंचायत भवन का निरीक्षण किया गया, ग्राम पंचायत के निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के मितानिनों का साप्ताहिक बैठक में सम्मिलित होकर हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं का चिन्हांकन कर प्रथम तिमाही में एएनसी जॉच कराने एवं समस्त उप स्वास्थ्य केन्द्रों में एन्टी वेनम मेडिसीन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इस प्रकार ग्राम कासोली स्थित नक्सल पीडि़त परिवारों के निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत ने हितग्राहियों से जल्द से जल्द छत स्तर तक लाने एवं जिनका आवास अप्रारम्भ है उन्हें अविलंब प्रारम्भ करने हेतु कहा गया।