निर्माणाधीन कार्यों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, सब-इंजीनियर व ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस
दंतेवाड़ा, 30 मई 2025। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने नगरीय क्षेत्र का निरीक्षण दौरा किया। निरीक्षण की शुरुआत उन्होंने मुख्यालय के मुक्तिधाम से किया। ज्ञात हो मुक्तिधाम में विभिन्न आवश्यक निर्माण कार्य जैसे आहता निर्माण, कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, शौचालय निर्माण, ट्रस कार्य पर शीट और पत्थर फिटिंग, घाट एवं गार्डनिंग निर्माण कार्य प्रगतिरत है। इन निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए कलेक्टर ने कहा इन सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्वक पूर्ण किया जाए। इसके साथ ही निर्माण कार्यों में हो रही देरी पर नाराजगी जताई और संबंधित सब-इंजीनियर एवं ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि लापरवाही या कार्य में अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा उन्होंने मंदिर परिसर स्थित नये प्रसाधन कक्षों का भी अवलोकन कर जल्द प्रारंभ करने निर्देश के साथ-साथ दो स्वीपर की नियुक्त करने को कहा जिसे शौचालय के नियमित रूप से साफ-सफाई हो सके। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने माँ दंतेश्वरी मंदिर के नदियों के संगम स्थल परिसर में सौंदर्यीकरण कार्यों के तहत निर्माणाधीन रिटर्निंग वॉल तथा वॉल में प्रदर्शित किये जाने वाले म्यूरल आर्ट का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को सौंदर्यीकरण कार्यों में स्थानीय परंपरा और सांस्कृतिक मूल्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने मंदिर परिसर में ही संग्रहालय को देखा ज्ञात हो कि मंदिर परिसर स्थल में स्थित इस संग्रहालय में माई दंतेश्वरी मंदिर, भैरमबाबा मंदिर,बारसूर स्थित बत्तीसा मंदिर,ढोलकल गणेश प्रतिमा की हुबहु प्रतिकृतियां स्थापित की गई है। इसके साथ ही यहां छत्तीसगढ़ के आदिम सांस्कृतिक लोक नृत्य कला,परंपराओं को भी दर्षाया गया है। जिसका मंदिर आने वाले श्रद्धालुजन अवलोकन कर सकेगें। कलेक्टर ने यहां सभी प्रतिकृतियों के समक्ष उनकी विशेषताओं को भी उल्लेखित करने का निर्देष अधिकारियों को दिया।
अपने निरीक्षण के दौरान उन्होंने शहीद महेन्द्र कर्मा चौक में नगरपालिका परिषद द्वारा बनाये जा रहे चौपाटी निर्माण कार्यों को देख कर समय-सीमा बनाने के निर्देश नगर पालिका के अभियंताओं को दिए। इसक्रम में कलेक्टर ने हाई स्कूल मैदान में सिंथेटिक ट्रैक निर्माण को भी देखा यहां उन्होंने अधिकारियों को ट्रैक स्थल को उत्कृष्ट बनाने का निर्देश देते हुए कहा कि ट्रैक स्थल में पानी रुकने की समस्या नहीं होनी चाहिए। इसके साथ ही उनके द्वारा मुख्यालय में श्रद्धालुओं हेतु रहवास स्थल निर्माण कार्य को जायजा लेते हुए इस भी निर्धारित समय-सीमा में बनाने को कहा। इसके साथ ही कन्या आवासीय विद्यालय पोटाकेबिन कारली में कलेक्टर ने पोटाकेबिन परिसर स्थल को पक्का करते हुए आवासीय छात्राओं के लिए सुविधायुक्त बनाने,पीजी कॉलेज में स्थित निर्माणाधीन यूथ हॉस्टल में भी कार्यों में तेजी लाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
