दक्ष प्रजापति जयंती में शामिल हुए नपाध्यक्ष

महासमुंद। सुभाषनगर के कुम्हारपारा में 8 मई को राजा दक्ष प्रजापति जयंती पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बतौर मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू रहे। सर्वप्रथम साहू ने राजा दक्ष प्रजापति की पूजा कर समाज में सद्भाव की प्रार्थना की। इस दौरान समाज जनों को संबोधित कर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि राजा दक्ष प्रजापति अत्यंत पूजनीय हैं। वे धरती के प्रथम महान प्रतापी राजा थे। उन्होंने सबसे पहले मानव जाति की जरूरतों को पूरा करने के लिए काम किया था। गुरु दक्ष प्रजापति अकेले प्रजापति समाज के नहीं बल्कि पूरी मानव जाति के लिए वंदनीय हैं। साहू ने समाज को संगठित करने इस तरह के आयोजनों को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। इस अवसर पर कमल प्रजापति, जागेश्वर प्रजापति, सुरेश, लाला, रिखीराम, जीतू, माधव, रामगोपाल, संतोष, गणेश, उकेश, नारायण प्रजापति सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।