ओलावृष्टि से फसल को हुये नुकसान के लिए मुआवजा मांगने विधानसभा अध्यक्ष से मिले तुषार
महासमुंद। भाजपा किसान नेता अशवंत तुषार साहू ने सिरपुर, पटेवा, झलप, खल्लारी, बसना और सरायपाली में ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से मुलाकात की है। इस दौरान किसानों के बर्बाद हुई फसलों के मुआवजे की मांग प्रमुखता से रखी गई।
प्रभावित क्षेत्रों के किसान प्राकृतिक आपदाओं और फसल हानि से पीड़ित हैं। ऐसे समय में किसान नेता अशवंत तुषार साहू द्वारा यह पहल किसानों की पीड़ा को राहत देने जैसा कदम रहा। डॉ. रमन सिंह ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए जल्द मुआवजा वितरण का आश्वासन दिया है।
इस आश्वासन के बाद किसानों में एक नई आशा जगी है और उन्हें विश्वास है कि शीघ्र ही फसलों का मुआयना कर के जल्द ही राहत राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
