कलेक्टर एक से तीन मई तक बीच लेंगे विभागीय समीक्षा बैठक
दंतेवाड़ा, 29 अप्रैल 2025। जिले में शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए कलेक्टर कुणाल दुदावत आगामी एक से 3 मई तक विभिन्न विभागों की विभागीय समीक्षा बैठक लेंगे। इस संबंध में जिला कार्यालय द्वारा विस्तृत बैठक कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक तारीख को सुबह 10 से 12 बजे तक खाद्य, जिला विपणन, नागरिक आपूर्ति एवं सहायक पंजीयक सहकारी संस्थाएं, दोपहर 1 से 3 बजे तक महिला एवं बाल विकास, और शाम 4 से 6 बजे तक आदिवासी विकास विभाग की समीक्षा होगी। 2 मई को सुबह 10 से 12 बजे तक स्वास्थ्य, औषधि प्रशासन एवं आयुर्वेद, दोपहर 1 से 3 बजे तक जिला रोजगार, कौशल विकास एवं लाइवलीहुड मिशन, तथा शाम 4 से 6 बजे तक समाज कल्याण, श्रम एवं अंत्यावसायी विभाग की समीक्षा की जाएगी। इस क्रम में 3 मई को सुबह 10 से 12 बजे तक शिक्षा विभाग एवं दोपहर 12 से 3 बजे तक कृषि, पशु चिकित्सा, उद्यानिकी, मत्स्य तथा रेशम विभाग की समीक्षा बैठक होगी। इस संबंध में कलेक्टर दुदावत ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित हों एवं अद्यतन जानकारी सहित विभागीय प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें। इन समीक्षा बैठकों का उद्देश्य विकास कार्यों की गुणवत्ता में सुधार एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना है।
